सहारनपुर। महानगर के प्रथम नागरिक/महापौर डॉ. अजय कुमार ने आज अपने निवास पर अपने मोबाइल से अपने परिवार के सम्बंध में जानकारी सबमिट कर डिजीटल स्वगणना-2027 का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से उत्साह के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के अंतर्गत दी गयी जानकारी के आधार पर ही सरकार सही व ठोस योजनाएं बनाती और क्रियान्वित करती है।
नगर निगम के अपर नगरायुक्त/नगर जनगणना अधिकारी मृत्युंजय ने बताया कि स्व-गणना का कार्य आज 7 मई से शुरु होकर 21 मई 2026 तक चलेगा। आज महापौर डॉ. अजय कुमार ने अपने परिवार के सम्बंध में ऑनलाइन सूचनाएं भरकर स्व-गणना का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि स्व-गणना करना बहुत आसान है। केवल आठ स्टेप अपने मोबाइल में स्व-गणना करने वाले व्यक्ति को लेने है। सबसे पहले वेबसाइट पर जाएं। उसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर डाले तथा ओटीपी से वेरिफाई करें। उसके बाद अपनी भाषा चुनें और फिर पता भरते हुए अपना राज्य, जिला, गांवध्शहर, मकान नंबर व मैप पर अपने घर को मार्क करें।
उन्होंने बताया कि इसके बाद स्व-गणना कर रहे व्यक्ति से उनका घर पक्का है कि कच्चा, बिजली-पानी, शौचालय, टी वी मोबाइल, इंटरनेट व परिवार के सदस्यों आदि की जानकारी के लिए 33 सवाल पूछे जायेंगे। यह सब जानकारी देने के बाद उसे चेक कर, फॉर्म सबमिट करना है। इसके बाद मोबाइल स्क्रीन पर ही एक मैसेज आयेगा कि आपका स्व-गणना फॉर्म सफलता पूर्वक सबमिट हो गया है साथ ही एक स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे संभालकर रखना है। उन्होंने बताया कि जब जनगणना कर्मचारी घर आए तो उन्हें ये स्व-गणना आईडी दिखानी होगी, दोबारा कुछ नहीं भरना होगा। नगर जनगणना अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के दौरान दी गयी जानकारी गोपनीय रहेगी।
महापौर ने डिजिटल स्व-गणना का किया शुभारंभ, 21 मई तक चलेगा अभियान