डीआईजी व एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

The DIG and SSP conducted an on-site inspection of the Kanwar route and reviewed security arrangements.

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने जनपद के कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, प्रभारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल, घंटाघर, नकुड़ तिराहा चौकी, सरसावा, सरसावा कट, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरियाणा सीमा स्थित चौकी शाहजहांपुर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस पिकेट एवं ड्यूटी प्वाइंट, कंट्रोल रूम, आपातकालीन सेवाओं, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनका आवागमन सुरक्षित एवं निर्बाध बना रहे। डीआईजी एवं एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर यदि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रभाव से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि लाखों शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *