- अश्लील भजनों पर रोक की उठाई मांग
सहारनपुर। सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन (रजि.) ने आगामी श्रावण मास कांवड़ मेले-2026 को शांतिपूर्ण एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी सहारनपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में एसोसिएशन ने मांग की कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर बजने वाले अश्लील भजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही मेले में शामिल होने वाली झांकियों को मर्यादित रखने और भगवान के स्वरूप में केवल प्रशिक्षित कलाकारों द्वारा ही झांकियां प्रस्तुत कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसोसिएशन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भगवान के स्वरूप में अशोभनीय नृत्य करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसी झांकी को बंद कराया जाए। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने अथवा सनातन धर्म एवं देवी-देवताओं का अपमान करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई। ज्ञापन में सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वर्ष 2026 के कांवड़ मेले को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में संगठन हर संभव सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। ज्ञापन देने वालों मे एसोसिएशन के अशोक कुमार, जनेश्वर शर्मा, रमेश सक्शेना, रवि जी, राहुल मधु, भारतवीर, सचिन, सोनू, उमेशराज, रोहित सावरिया, संजय राजा, अरविन्द महादेव, सोनू सागर, अजय, आयुष, ब्रजेश, राकेश कश्यप, दीपक आदि सदस्य मौजूद रहे।
सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन ने कांवड़ मेले को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन