सहारनपुर। नगर के नुमाइश कैंप, गोपाल नगर निवासी प्रियम शर्मा के परिजनों के लिए खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब उनका बेटा प्रियम दुबई की जेल से रिहा होकर सकुशल घर वापस लौट आया। प्रियम की सुरक्षित वापसी में सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर और केंद्रीय विदेश मंत्रालय की सक्रिय भूमिका रही।
संजीव शर्मा का बेटा प्रियम शर्मा 10 जून 2025 को इंटरनेशनल बिजनेस रिलेशनशिपश् की पढ़ाई करने दुबई गया था। हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के दौरान ईरान द्वारा दुबई पर मिसाइल हमला किया गया था, जिसे दुबई की सुरक्षा प्रणालियों ने विफल कर दिया था। प्रियम ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर डालते हुए टिप्पणी की थी कि ईरान के हमले बेअसर हो रहे हैं। इस वीडियो को सुरक्षा मानकों के खिलाफ और देशद्रोही गतिविधि मानते हुए दुबई प्रशासन ने प्रियम को अबू धाबी की अल सदर जेल में डाल दिया था।
बेटे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही परिजनों ने नगर विधायक राजीव गुंबर से मदद की गुहार लगाई। विधायक राजीव गुंबर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से संपर्क साधा। उनके हस्तक्षेप के बाद भारतीय दूतावास (इंडियन एंबेसी) को निर्देशित किया गया कि प्रियम की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक राजीव गुंबर और विदेश मंत्रालय के निरंतर प्रयासों के परिणाम स्वरूप प्रियम शर्मा सभी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद सकुशल सहारनपुर अपने घर पहुंच गया। प्रियम की घर वापसी पर परिजनों ने विधायक राजीव गुंबर से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का आभार व्यक्त किया।
दुबई की जेल से रिहा होकर सुरक्षित घर लौटा प्रियम