सहारनपुर। विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री भिखारी प्रजापति के कुशल नेतृत्व में शनिवार को संगठन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जनपद के हकीकत नगर चौक (निकट पुलिस लाइन) स्थित रामलीला मैदान में आयोजित इस बैठक में आगामी पूज्य महाराज (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) के 55वें जन्मोत्सव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ओमवीर सिंह प्रधान ने की तथा कुशल संचालन मास्टर सुरेंद्र कुमार द्वारा किया गया। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूज्य महाराज जी के आगामी 55वें जन्मोत्सव कार्यक्रम को पूरे जनपद में ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने पर विचार-विमर्श किया। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल और गौरवमयी बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत और अनुशासित बनाए रखने के लिए एक बड़ा निर्णय भी लिया गया। लगातार सूचना देने के बाद भी लंबे समय से बैठकों से अनुपस्थित रहने और संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के कारण 4 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से मुक्त कर दिया गया। जिला कार्यकारिणी द्वारा सतीश महाराज (तत्कालीन जिला महामंत्री), बिजेंद्र बर्मन (तत्कालीन वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष), हर्ष कुमार शर्मा (तत्कालीन जिला उपाध्यक्ष) एवं अर्जुन बर्मन (तत्कालीन जिला उपाध्यक्ष) बनाये गये। संगठन के नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि ये सभी व्यक्ति अब केवल साधारण कार्यकर्ता के रूप में ही संगठन में रहकर कार्य कर सकेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष (गौ रक्षा प्रकोष्ठ) अश्वनी सैनी, चौधरी ऋषिपाल पवार, जिला उपाध्यक्ष डॉ. सोनू चौधरी, तहसील अध्यक्ष (रामपुर मनिहारान) मास्टर सुरेंद्र कुमार (सह-संचालक), मातृशक्ति प्रकोष्ठ की पूर्व जिला अध्यक्ष अनु शर्मा, विशाखा शर्मा, जिला महामंत्री (मातृशक्ति प्रकोष्ठ) पंकज मौर्या, सुधीर बोहरा, जिला मंत्री सुमन देवी, रीना देवी सहित भारी संख्या में संगठन के सम्मानित सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन विश्व हिंदू महासंघ जिंदाबाद और जय श्री राम के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी