पेंशनर्स ने उठाई हुंकारः पुरानी पेंशन बहाली और 65 वर्ष की आयु से अतिरिक्त पेंशन की पुरजोर मांग

Pensioners raise voice: Strong demand for restoration of old pension and additional pension from the age of 65

सहारनपुर। भारत पेंशनर्स समाज और अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। मुख्य अतिथि और भारत पेंशनर्स समाज (नई दिल्ली) के महासचिव अविनाश राजपूत ने कहा कि संगठन 1955 से पेंशनर्स के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत है, जिससे आज देशभर के 250 संगठन और लगभग 10 लाख सदस्य जुड़े हुए हैं।
सम्मेलन के दौरान सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गयी पेंशनर्स ने मांग करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, बकाया डीए का भुगतानः कोरोना काल के दौरान रोके गए महंगाई भत्ते को जारी किया जाए,
सेवानिवृत्ति की तिथि के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त कर सभी को आठवें वेतन आयोग का लाभ मिले, बढ़ती उम्र और खर्चों को देखते हुए अतिरिक्त पेंशन का लाभ 80 वर्ष के स्थान पर 65 वर्ष की आयु से ही दिया जाए एवं नियत चिकित्सा भत्ते को 1000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति माह किया जाए। इसके साथ ही कम्यूटेशन कटौती की अवधि 15 से घटाकर 10 वर्ष करने, विधवा पुत्र वधू को पारिवारिक पेंशन में शामिल करने और पेंशन को पूरी तरह आयकर मुक्त करने की मांग की गई।
अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बुजुर्ग केवल बीता हुआ समय नहीं, बल्कि अनुभवों की वह किताब हैं जो हमें सही राह दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठ नागरिकों को पूरा सम्मान देने का आह्वान किया। इस दौरान एडीजीएमओ डॉ. गौरव शर्मा ने बुजुर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के टिप्स दिए।
संस्थापक आर.सी. शर्मा ने संस्था की 13 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जबकि अध्यक्ष जे.एन. शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। महामंत्री एन.एस. चौहान ने वार्षिक रिपोर्ट और आर.के. धींगड़ा ने वित्त विवरण प्रस्तुत किया। सम्मेलन में संस्था की वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया गया और 80 वर्ष से अधिक आयु के प्लेटिनम एज सीनियर सिटीजन्स को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मूल चंद रांगड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर बीपीएस उपाध्यक्ष हंसराज माही, अविनाशी गुप्ता, वरुण देव मिश्रा, स्टेशन मैनेजर अनिल त्यागी, फार्मासिस्ट निखिल कुमार सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *