सहारनपुर। नगरायुक्त ने आज सुबह साइकिल पर भ्रमण कर शहर की सफाई व्यवस्था और गैराज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों एवं कचरा कलेक्शन में लगे वाहनों के चालको को बावर्दी रहने साहित कुछ जरुरी निर्देश दिए।
नगरायुक्त शिपू गिरि आज सुबह बिना अर्दली, बिना गनर साइकिल से शहर भ्रमण पर निकले और शहर में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। नगरायुक्त दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, घंटाघर, रेलवे रोड होते हुए नगर निगम के गैराज पहुंचे और कूड़ा उठान के लिए शहर में जाने वाले वाहनों के बारे में जानकारी ली। गैराज पर उपस्थित वाहन चालकों ने बताया कि बिजली न होने के कारण उन्हें तेल की पर्ची ऑन लाइन मिलने में विलंब हुआ है, इसी कारण आज गाड़ियां निकलने में देरी हुई है। अब सबको पर्ची मिल रही है, कुछ ही देर में सब गाड़ियां शहर में निकल जायेगी। नगरायुक्त ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कूड़ा उठान में समयबद्धता का ध्यान रखें, जितना जल्दी कूड़ा-कचरे का उठान होगा, उतना ही शहर साफ-सुथरा दिखायी देगा।
नगरायुक्त ने सभी वाहन चालकों को कार्य समय में वर्दी में रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्दी उन्हें एक अलग पहचान ही नहीं देती, सम्मान भी देती है। उन्होंने वाहनों में हवा भरने की व्यवस्था भी गैराज में करने का सुझाव दिया। बाद में लौटते हुए कचहरी के पुल पर बने कूड़ाघर पर रुक कर भी वहां मौजूद कर्मचारियों से कूड़ा कलेक्शन और कूड़ा उठान की जानकारी ली तथा सफाई कर्मचारियों को कार्यसमय में बावर्दी रहने के निर्देश दिए।
साइकिल पर शहर भ्रमण को निकले नगरायुक्त शिपू गिरि, सफाई व्यवस्था और गैराज का किया औचक निरीक्षण