सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक मजबूती को आज उस समय और बल मिला, जब सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों का साथ छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित इस भव्य सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में युवाओं ने भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और कुशल नेतृत्व में अटूट विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा। इस विशेष कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने किया, जिन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले सभी युवाओं का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता जयराम गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और विकास को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान दलित छात्रों की छात्रवृत्ति वितरण में भारी भेदभाव किया गया और दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। जयराम गौतम ने आगे कहा कि दलित समाज ने भाजपा की लोक-कल्याणकारी नीतियों और निष्पक्ष कार्यशैली पर विश्वास जताते हुए लगातार दो विधानसभा चुनावों में भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता सौंपी है। उन्होंने पूर्ण विश्वास के साथ दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता भाजपा को अपना पूरा समर्थन देगी और लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख युवाओं में निशांत गागलहेड़ी, जीतू सिंह हरियाबांस, सिद्धार्थ उग्राहू, अभिषेक, जोनी कैलाशपुर और मोनू शामिल रहे। इनके साथ ही सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नए सदस्यों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उन्हें संगठन की रीति-नीति के अनुरूप जनसेवा के कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
देहात क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने थामा भाजपा का दामन