महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए जनपद में चला मिशन शक्ति जागरूकता अभियान

'Mission Shakti' awareness campaign launched in the district for women's safety and empowerment.

सहारनपुर। जनपद सहारनपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से रविवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में तैनात मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने अभियान संचालित कर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों के आसपास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया। इस दौरान उन्हें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 181 (महिला हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने (स्टॉकिंग) और अन्य अपराधों के विरुद्ध बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा अपराधों के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। जनपद में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *