सहारनपुर। बजाज शुगर मिल और टोडरपुर शुगर मिल के बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इस समस्या को लेकर आज सैकड़ों की संख्या में किसानों ने गन्ना उपायुक्त (डिप्टी केन कमिश्नर) और जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का घेराव किया।
इससे पूर्व बीती 15 तारीख को डीसीओ ने भुगतान के लिए 21 तारीख तक का समय मांगा था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी भुगतान न होने पर किसान भड़क उठे। आज मंडल अध्यक्ष विनय कुमार, जिला अध्यक्ष अशोक कुमार और पश्चिम प्रदेश प्रवक्ता मास्टर रघुवीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान इकट्ठा हुए और अधिकारियों के साथ तीखी वार्ता की।
लंबी बातचीत के बाद गन्ना उपायुक्त ने भुगतान प्रक्रिया को सुचारू करने के लिए अब 1 तारीख तक का समय मांगा है। किसानों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 1 तारीख तक गन्ना भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो इसके बाद किसान गन्ना कार्यालय परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस घेराव और प्रदर्शन के दौरान जिला प्रवक्ता संजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष अमित मुखिया, जिला महासचिव बबलू सिंह, अजय कंबोज, हरपाल, अरुण राणा, अनूप, नीतू भाई, इमरान चौधरी, योगेंद्र, भूरा, सतबीर, प्रेम, सोनू, केहर सिंह, मनोज सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।
गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का फूटा गुस्सा, गन्ना उपायुक्त और डीसीओ कार्यालय का किया घेराव