कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन की शिविर संचालकों संग समन्वय बैठक

Administration holds coordination meeting with camp organizers regarding Kanwar Yatra 2026.
  • सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर दिए अहम निर्देश
    सहारनपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शिविर संचालकों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर के अलावा हरियाणा के यमुनानगर, करनाल सहित आसपास के जनपदों से आए शिविर संचालकों तथा डीजे निर्माताओं एवं संचालकों ने भी भाग लिया।
    बैठक में प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। सभी शिविर संचालकों को निर्देश दिए गए कि शिविरों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने बताया कि सभी प्रमुख शिविरों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के माध्यम से यात्रा मार्ग एवं शिविरों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
    बैठक में डीजे संचालन को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने कहा कि डीजे की ऊंचाई और ध्वनि स्तर शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही होना चाहिए। साथ ही डीजे में बजाए जाने वाले भक्ति गीतों एवं भजनों की पेन ड्राइव संबंधित थाना प्रभारी को पूर्व परीक्षण के लिए जमा करानी होगी। परीक्षण के बाद केवल अनुमोदित भक्ति गीतों को ही बजाने की अनुमति दी जाएगी, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनी रहे। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। शिविरों के बाहर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिविर संचालकों को आश्वस्त किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *