कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ

Newly elected executive committee of the Collectorate Bar Association takes oath.
  • ऐतिहासिक निर्विरोध निर्वाचन पर अधिवक्ताओं ने जताया हर्ष
    सहारनपुर। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की वर्ष 2026-27 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। एल्डर्स कमेटी की देखरेख में संपन्न चुनाव प्रक्रिया के बाद निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने कार्यकाल की शुरुआत की। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया और नई कार्यकारिणी का स्वागत किया।
    नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेंद्र सिंह पुंडीर ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि पहली बार पूरी कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन बार एसोसिएशन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए बार की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं के लिए पुस्तकालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, चौंबर तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं के विकास पर कार्य किया जाएगा। उनका कहना था कि नए अधिवक्ताओं को केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि अनुभवी अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में व्यवहारिक प्रशिक्षण भी मिलना चाहिए, जिससे वे अपने पेशे में बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।
    नई कार्यकारिणी ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान, महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान तथा बार एसोसिएशन और न्यायालय के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का भी संकल्प व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी अधिवक्ताओं के साथ समान व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बार एसोसिएशन के सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *