सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिला कार्यालय पर संगठन विस्तार के उद्देश्य से अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक एवं रालोद एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी तथा हस्तिनापुर क्षेत्र के रालोद एससी/एसटी प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष संयोग रावत उपस्थित रहे।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सदैव सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और अधिकार पहुंचाने की विचारधारा पर कार्य करता रहा है। अनुसूचित एवं जनजाति समाज देश की शक्ति और लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जिसके सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह के सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में समतामूलक, सशक्त एवं समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया। सम्मेलन के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
सैकड़ों लोगों ने बसपा छोड़ थामा रालोद का दामन