श्रावण कांवड़ यात्रा-2026ः एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को किया ब्रीफ, सुरक्षा व अनुशासन पर दिया विशेष जोर

Shravan Kanwar Yatra 2026: SSP briefs recruit constables.

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सहारनपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात रिक्रूट आरक्षियों को कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग दी।
एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निभाए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहे।
उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों से अपेक्षा जताई कि वे उत्कृष्ट आचरण, अनुशासित कार्यशैली और जनसेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को निर्बाध यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *