अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन

Grand Yoga Event Organized to Mark International Yoga Day

सहारनपुर। बारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह के अंतर्गत आज प्रातः नगर निगम द्वारा एक योग कार्यक्रम का आयोजन श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुण्ड के तट पर किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण, महापौर डॉ. अजय कुमार, शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई, नगरायुक्त शिपू गिरि, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा व राकेश जैन तथा उपसभापति मयंक गर्ग तथा अन्य पार्षदों ने सिद्धि विनायक श्री गणेश जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि व महिलाओं और पार्षदों की ओर से ज्योति अग्रवाल ने पुष्प भेंट कर योग गुरु भारत भूषण का स्वागत किया।
योग गुरु ने कहा कि यह सहारनपुर का सौभाग्य है कि गुरु गोरक्षनाथ के शिष्य श्री जाहरवीर महाराज की पूज्य स्थली के परिसर में आज का यह योग कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि योग का गुरु गोरक्षनाथ से गहरा सम्बंध था। वह एक महान योगी थे, उन्होंने योग को गूढ़ साधनाओं से निकाल कर जन-जन तक पहुंचाया। योग गुरु ने उक्त स्थल पर योग कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए नगर निगम को साधुवाद दिया।
योग गुरु ने योग शुरु कराने से पूर्व योग का महत्व समझाते हुए उपस्थित साधको से झोली फैलाकर पांच भिक्षा मांगी, जिनमें- व्यसन मुक्त जीवन जीने, ब्रह्ममुहूर्त में जागने, माता-पिता की चरण वंदना करने, नित्य योगासन करने तथा नित्य पढ़ना शामिल है। उन्होंने पीड़ाओं से मुक्ति तथा आरोग्य और आयुष्य की ध्वनि ‘‘ओइ्म’’ से यौगिक क्रियाओं की शुरुआत की। योग गुरु ने ताड़ासन, वृक्ष आसन, अर्धचक्र आसन, उत्कट आसन, भद्रासन, स्वस्तिक आसन, वक्रासन, शिशुगति, गर्दभ गति, प्राणायाम और भ्रामरी प्राणायाम आदि आसन कराते हुए लोगों के जीवन में सार्थकता और सौभाग्य को जागरुक करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जगपाल सिंह, अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे तथा क्षेत्रीय आयुष अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र कुमार के अलावा निगम के समस्त अधिकारी, बड़ी संख्या में पार्षदगण, 83 यूपी एनसीसी बटालियन के कैडेट्स, भारत स्काउट गाइड व आईटीसी मिशन सुनहरा कल के वालंटियर्स तथा शहर के गणमान्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार डॉ.वीरेन्द्र आजम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *