लखनौती में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

Theft incident in Lakhanauti solved; 2 cunning thieves arrested.

सहारनपुर (देवबंद)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवबंद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम लखनौती में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को चोरी के माल और नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया है। बीते 12 जुलाई 2026 को ग्राम लखनौती निवासी नितिन कुमार पुत्र मांगेराम ने थाना देवबंद पर तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, 40 हजार रुपये की नकदी और एक निकॉन (छपावद) कैमरा चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 514/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के निकट पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार चोरों की तलाश में जुटी थी। आज, 16 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक रवि कुमार वर्मा और उनकी टीम ने ग्राम बढेडी मजबता की नहर की पटरी से दो अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मंगल सिंह पुत्र श्याम कुमार और सागर पुत्र राकेश के रूप में हुई है, जो दोनों ग्राम लखनौती, थाना देवबंद के ही निवासी हैं।
पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई एक जेंट्स सोने की अंगूठी, दो सोने की लौंग, एक सोने की नथ, एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की है। इसके साथ ही चोरों के पास से 1700 रुपये नकद और एक 5 रुपये का नेपाली नोट भी बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि कर दी है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *