कर्मचारियों ने डीएम से की 3.25 करोड़ बकाया भुगतान और मिल संचालन की मांग

Employees demanded payment of ₹3.25 crore in outstanding dues and the resumption of mill operations from the District Magistrate.

सहारनपुर। शाकुम्भरी शुगर एण्ड एलाइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड, टोडरपुर के चीनी मिल कर्मचारी संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों के लंबित वेतन, ओवरटाइम, भविष्य निधि (पीएफ) तथा अन्य सुविधाओं का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार कर्मचारियों का अक्टूबर 2024 से मार्च 2025 तक का ओवरटाइम भुगतान लगभग घ्1.01 करोड़, जून 2025 से अप्रैल 2026 तक का मासिक वेतन लगभग 2.25 करोड़ तथा अक्टूबर 2024 से कर्मचारियों के पीएफ का नियोक्ता अंशदान भी जमा नहीं किया गया है। कर्मचारी संघ का दावा है कि कुल बकाया राशि लगभग 3.25 करोड़ है।
संघ ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग एक माह से मिल परिसर में रहने वाले कर्मचारियों को बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। वहीं मिल का शीर्ष प्रबंधन कर्मचारियों की पहुंच से बाहर है, जिससे श्रमिक और उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारी संघ ने बताया कि इस मामले में उप श्रमायुक्त कार्यालय में औद्योगिक विवाद लंबित है तथा पूर्व में भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि कर्मचारियों के बकाया वेतन व अन्य देयों का शीघ्र भुगतान कराया जाए, मिल का संचालन एवं गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा मिल परिसर में बिजली और पानी की व्यवस्था तत्काल बहाल कर औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *