जल संरक्षण को अपनी आदत बनाएंः महापौर

Make water conservation a habit: Mayor

सहारनपुर। नगर निगम व भूगर्भ जल विभाग सहारनपुर के सहयोग से आईटीसी मिशन सुनहरा कल उमंग सेवा समिति द्वारा भूगर्भ जल सप्ताह के अंतर्गत जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम परिसर में पौधारोपण तथा जन जागरुकता वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया। भू गर्भ जल सप्ताह जन जागरुकता कार्यक्रम 22 जुलाई तक चलेगा।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने पौधरोपण करते हुए जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार और हमारे जीवन का आधार है। उन्होंने गिरते भूजल स्तर को भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए लोगों से जल संरक्षण को अपनी आदत बनाने, वर्षा जल संचयन को अपनाने, अनावश्यक जल की बर्बादी रोकने तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाकर भूजल के पुनर्भरण में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें, चूंकि जल बचेगा तभी जीवन बचेगा।
नगर निगम के शाकुम्भरी सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला में भूगर्भ जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा गिरते भूगर्भ जल स्तर को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगरायुक्त शिपू गिरि ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को अपनाने, जल का अत्यधिक दोहन न करने और भूगर्भ जलस्तर को गिरने से बचाने में अपना सक्रिय देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी जागरूकता ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला बनेगी।
विशेषज्ञों ने जल संरक्षण को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर दिया। भूगर्भ जल विभाग की अधिशासी अभियंता डॉ. नम्रता जायसवाल, कार्यक्रम समन्वयक प्रभाकर सिंह, आईटीसी मिशन सुनहरा कल के कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश, आर सी पाण्डेय सहित उमंग सुनहरा कल के पदाधिकारी व वालंटियर तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *