सहारनपुर। रेलवे रोड स्थित होटल पंजाब में बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महताब चौहान ने समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव मोहम्मद हुसैन जिलानी, किसान यूनियन एजेंडा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधान साजिद हसन सहित उनके समर्थकों को एआईएमआईएम की सदस्यता दिलाई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. महताब चौहान ने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से सहारनपुर में एआईएमआईएम का संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा।
उन्होंने 18 जुलाई को चिलकाना अड्डा क्षेत्र में आयोजित होने वाली एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। इस अवसर पर एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मोहम्मद वसीम, महानगर अध्यक्ष दिलशाद मलिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव साजिद चौधरी, मोहम्मद शिबली, मुख्य सचिव एहकाम गौड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेता मोहम्मद हुसैन जिलानी और साजिद हसन समर्थकों संग एआईएमआईएम पार्टी में शामिल