श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए पुलिस और आईएमए की समन्वय बैठक आयोजित

Coordination meeting held between police and IMA to provide better medical facilities to pilgrims.

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, सहारनपुर के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षकध्क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जनकपुरी सहित आईएमए सहारनपुर के पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन आईएमए भवन, सहारनपुर में किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आईएमए सहारनपुर द्वारा चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात की जाएगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उपचार के लिए चिन्हित अस्पतालों में बेड आरक्षित रखे जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पुलिस और चिकित्सा विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ तत्काल सहायता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन और आईएमए के पदाधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और त्वरित चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी सहयोग के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। पुलिस प्रशासन ने आईएमए सहारनपुर द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए किए जा रहे जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए सभी चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से समर्पित भाव से कार्य करने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि पुलिस और चिकित्सा विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *