चोरी गया सामान व नकदी के साथ शातिर चोर दबोचा

Cunning thief nabbed with stolen goods and cash.

सहारनपुर। थाना गंगोह पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुकान से चोरी किया गया सामान और 2,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को ग्राम चाऊपुरा निवासी सोमदत्त पुत्र साधुराम ने थाना गंगोह में तहरीर देकर बताया था कि 12ध्13 जुलाई की रात अज्ञात चोर ने उनकी दुकान तथा पड़ोस में स्थित प्रकाश पुत्र चोहल सिंह की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर थाना गंगोह में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चोरी, नकबजनी एवं लूट की घटनाओं की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लक्ष्य उर्फ लक्की पुत्र अवलीश निवासी ग्राम चाऊपुरा, थाना गंगोह को कलालहटी अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ, जिसमें गोल्ड फ्लेक सिगरेट, भुजिया का पैकेट, 19 बंडल बीड़ी, 22 स्नैकर्स चॉकलेट, 6 काली टेप, 9 पैकेट बिस्किट, अर्चित कंपनी का सीलबंद तंबाकू, सफल तंबाकू के 6 पैकेट, 50 लाइटर का पैकेट, डव शैंपू के 10 पाउच, तेल के 10 पाउच तथा 2,210 रुपये नकद शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना गंगोह में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल कुलदीप की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *