सहारनपुर। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए तीनों जनपदों में विशेष अभियान ऑपरेशन सवेरा- नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के मार्गदर्शन, एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निकट पर्यवेक्षण में थाना कुतुबशेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना कुतुबशेर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आज 13 जुलाई 2026 को मानकमऊ खंडहरों से करीब 50 मीटर नहर की तरफ घेराबंदी कर शातिर अभियुक्त अरशद उर्फ कनकटा पुत्र भूरा उर्फ पाल्ली उर्फ फैजान (निवासी मोहल्ला इनाम कॉलोनी, हाल निवासी मोहल्ला नसीर कॉलोनी, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 225 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कुतुबशेर में आरोपी के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
पकड़ा गया आरोपी अरशद उर्फ कनकटा कुख्यात अपराधी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ थाना कुतुबशेर और थाना कोतवाली मंडी में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट (आयुध अधिनियम), जानलेवा हमला (धारा 307 भादवि), गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे संगीन अपराधों के तहत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह लगातार क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त रहा है। इस नशा तस्कर को दबोचने में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अजयपाल सिंह, उपनिरीक्षक आकाश कुमार, हेड कांस्टेबल रूपेन्द्र सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल सुमित कुमार की मुख्य भूमिका रही। एसपी सिटी ने पुलिस टीम की इस त्वरित कामयाबी की सराहना की है।
225 ग्राम चरस के साथ शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार