सहारनपुर। जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान से पूरे जिले के खाद्य व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
शहरी क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट और ग्रामीण इलाकों में संबंधित उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीमों ने कई दुकानों, डेयरियों और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया और संदेह के आधार पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
छापेमारी के दौरान शहर की गिल कॉलोनी स्थित कबाबगढ़ रेस्टोरेंट से लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पनीर के नमूने लिए गए। इसके अलावा ग्रामीण और तहसील क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर जांच की गई। नकुड़ के प्रिया स्वीट्स से बर्फी और एक अन्य दुकान से गुलाब जामुन का सैंपल लिया गया रामपुर मनिहारान के शर्मा डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। देवबंद के मलिक डेयरी से दूध और दही के सैंपल लिए गए। कैलाशपुर के सुनील मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले का सैंपल लिया गया एवं गागलहेड़ी के इंडियन स्वीट्स से घेवर का नमूना जांच के लिए लिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहारों और आम जनमानस के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। एकत्र किए गए सभी नमूनों को सील कर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि जनपद में मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, अमित कुमार गौतम, शिव नाथ सिंह, सुमन पाल, कुलदीप तिवारी और महेश कुमार सहित विभाग के कई आला अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
नामचीन होटलों और डेयरियों पर छापेमारी, पनीर, मिठाई और मसालों के नमूने सील