चोरी की दो वारदातों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

Two theft cases solved; cunning thief arrested.

सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक जोड़ी सफेद धातु की चुटकी तथा 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को कृष्णा विहार कॉलोनी, बुढ़ेड़ा रोड निवासी राजू कुमार के घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना सरसावा पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं 17 मई 2026 को ग्राम सैदपुरा निवासी बाबूराम के घर से भी सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में 25 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सैदपुरा मोड़ के पास से ऋषभ पुत्र महेंद्र निवासी ग्राम ब्राह्मण माजरा, थाना सरसावा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं में अपने एक साथी के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए सामान और नकदी का बंटवारा हुआ था, जिसमें उसके हिस्से में पायल, चुटकी और नकदी आई थी। अधिकांश रकम वह खर्च कर चुका है, जबकि शेष सामान और नकदी उसके साथी के पास है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मामलों से संबंधित दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी चुटकी और कुल 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ऋषभ एक अभ्यस्त अपराधी है और उसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *