तीन दोपहिया वाहन चोरों को किया गिरफ्तार

Three two-wheeler thieves arrested.

सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें एक बाइक उत्तराखंड के हरिद्वार से चोरी की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चोरी रोकथाम अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में 26 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर भगवानपुर रोड स्थित हरियाबांस फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक पुत्र टोनी उर्फ अश्वनी निवासी ग्राम तिवाया थाना गागलहेड़ी, कुर्बान पुत्र शकील निवासी ग्राम उग्राहू थाना गागलहेड़ी तथा सबनूर पुत्र आलिम निवासी बढ़ेड़ी घोघू थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र से चोरी हुई प्लेटिना मोटरसाइकिल, हरिद्वार के थाना रानीपुर क्षेत्र से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस, एक अन्य स्प्लेंडर प्लस तथा बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर प्लस शामिल है, जिसके इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को जंगल में सुनसान स्थान पर छिपा देते थे और बाद में सस्ते दामों पर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश करते थे। घटना के दिन भी वे चोरी की मोटरसाइकिलों के खरीदार की तलाश में निकले थे और अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना गागलहेड़ी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *