सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने सरिया चोरी और वजन में हेराफेरी के एक संगठित गिरोह का मात्र 12 घंटे में खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 7 टन सरिया, एक ट्रक-ट्रेलर, एक कार, वजन में हेराफेरी करने वाली इलेक्ट्रॉनिक चिप तथा रिमोट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को वादी उमरेश पाण्डेय निवासी जनपद बहराइच ने थाना मिर्जापुर में तहरीर देकर बताया कि गाजियाबाद से 32 टन सरिया शाकुम्भरी देवी मंदिर के पास निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग के लिए भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से 7 टन सरिया चोरी कर लिया और शेष 25 टन सरिया को धर्मकांटे पर इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट की मदद से 32 टन दर्शाकर गंतव्य तक पहुंचा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना मिर्जापुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम शेरपुर पेलो के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युसुफ पुत्र उम्मेद अली निवासी लोहगरा थाना अगौता जनपद बुलंदशहर, फहीम पुत्र फरीयाद निवासी लोहगरा थाना अगौता जनपद बुलंदशहर तथा मुर्सलीन पुत्र शफाकत निवासी लालपुर थाना धौलाना जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर ट्रक-ट्रेलर संख्या, जिसमें चोरी किया गया 7 टन सरिया लदा था, बरामद किया। इसके अलावा एक बलैनो कार, जिस पर अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थीं, एक इलेक्ट्रॉनिक चिप और एक रिमोट भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक से माल ले जाते समय रास्ते में कुछ सरिया उतारकर चोरी कर लेते थे। इसके बाद धर्मकांटे पर वजन कराने से पहले ट्रक में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगा देते थे, जिसे रिमोट से नियंत्रित कर कम वजन को भी अधिक दिखाया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे अपने निजी वाहन से पुलिस की गतिविधियों और मार्ग की रेकी करते थे, जिससे पकड़े जाने से बच सकें। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी मुर्सलीन के खिलाफ जनपद शामली के थाना बाबरी में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
7 टन सरिया सहित ट्रक-ट्रेलर और इलेक्ट्रॉनिक चिप बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार