उत्तर प्रदेश राज्य रग्बी-7 जूनियर प्रतियोगिता

Uttar Pradesh State Rugby-7 Junior Championship
  • लखनऊ और सीतापुर को एकतरफा हराकर सहारनपुर की बेटियां बनीं स्टेट चैंपियन
    उत्तर प्रदेश राज्य रग्बी-7 जूनियर बालिका प्रतियोगिता मे सहारनपुर की टीम बनीं चैम्पियन
    सहारनपुर। सीतापुर में आयोजित छठी उत्तर प्रदेश राज्य रग्बी-7 जूनियर बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में सहारनपुर की बालिका टीम ने अपने शानदार खेल के बलबूते चौम्पियन बनने का गौरव हासिल किया है। खिताब जीतकर सहारनपुर लौटने पर विजेता खिलाड़ियों का प्रकृति कुंज में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। जिला रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव संजय कुमार ने बताया कि सेमीफाइनल के बेहद रोमांचक मुकाबले में सहारनपुर की बेटियों ने मेजबान सीतापुर की टीम को एकतरफा अंदाज में 55-0 के भारी अंतर से शिकस्त दी। वहीं फाइनल में लखनऊ की मजबूत टीम को 45-0 के विशाल अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता मे चौम्पियन बनी सहारनपुर की बालिका टीम में खुशी, महक सैनी, अमृता, रिया, अल्हमा, कंचन, वर्षा, प्रतिभा, पारुल, आरजू, अंशिका, परीक्षा शामिल रही, जिनके द्वारा प्रतियोगिता मे अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया गया।
    प्रतियोगिता से विजयी होकर सहारनपुर लौटने पर खिलाड़ियों का प्रकृति कुंज, सहारनपुर में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रकृति कुंज के संस्थापक राजेंद्र अटल, जिला रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव संजय कुमार, एथलेटिक्स प्रशिक्षक संजीव कुमार, साइकिलिंग के वरिष्ठ खिलाड़ी सोमपाल सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में प्रकृति कुंज के संस्थापक राजेंद्र अटल ने कहा, सहारनपुर की बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि खेल प्रतिभाओं को सही अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले, तो वे न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं। जिला रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव संजय कुमार ने कहा, यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि अनुशासन, कठिन परिश्रम और टीम भावना की जीत है। जिस तरह का खेल बेटियों ने दिखाया है, हमें पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सहारनपुर की रग्बी टीम की इस बड़ी उपलब्धि पर साइकिलिंग के वरिष्ठ खिलाड़ी सोमपाल सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक संजीव कुमार समेत जिला रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *