सहारनपुर क्रिकेट में बड़ा बदलावः परविंदर सिंह बने एसडीसीए के नए चेयरमैन, यशपाल सिंह को सचिव की कमान

Major change in Saharanpur cricket: Parvinder Singh becomes new SDCA Chairman.

सहारनपुर। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) में पदाधिकारियों के स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। एसडीसीए के चेयरमैन मोहम्मद अकरम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर परविंदर सिंह को नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।वहीं एसडीसीए के सचिव लतीफ उर रहमान को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की एपेक्स काउंसिल का सदस्य बनाए जाने के बाद उन्होंने सचिव पद से इस्तीफा दे दिया। उनके स्थान पर यशपाल सिंह को एसडीसीए का नया सचिव बनाया गया है। इस अवसर पर यूपीसीए एपेक्स काउंसिल के सदस्य लतीफ उर रहमान ने एसडीसीए के पदाधिकारियों, मीडिया कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, क्रिकेट क्लबों तथा क्रिकेट प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में एसडीसीए के सामूहिक प्रयासों से जिले की अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व चेयरमैन मोहम्मद अकरम के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सहारनपुर क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला।लतीफ उर रहमान ने कहा कि सहारनपुर में प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ी प्रशांत वीर आज आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जिले के खिलाड़ी मोहम्मद अमान भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि वासु वत्स ने भी भारतीय अंडर-19 टीम में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की बेटियां भी क्रिकेट में लगातार आगे बढ़ रही हैं और एसडीसीए ने खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसोसिएशन से जुड़े नए पदाधिकारी भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जिले में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। अंत में उन्होंने एक बार फिर सभी सहयोगियों, खिलाड़ियों, क्लबों, मीडिया तथा समाज के विभिन्न वर्गों का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में परविंदर सिंह चेयरमैन, राजीव गुप्ता अध्यक्ष (प्रेसिडेंट), यशपाल सिंह सचिव, गोपाल कृष्ण कालरा कोषाध्यक्ष, रवि सिंघल उपाध्यक्ष, ऋषि चौधरी संयुक्त सचिव तथा सैयद मशकूर मीडिया मैनेजर की जिम्मेदारी संभालेंगे।अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि नई टीम जिले में क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। सचिव यशपाल सिंह ने कहा कि वह संगठन की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए खिलाड़ियों और क्रिकेट क्लबों के हित में कार्य करेंगे। उपाध्यक्ष रवि सिंघल ने कहा कि एमएस कॉलेज मैदान को एसडीसीए के लिए विकसित किया जा रहा है। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से मैदान की बाउंड्री और मुख्य गेट का निर्माण कराया गया है तथा मैदान से अवैध कब्जों को भी हटवाया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संयुक्त सचिव ऋषि चौधरी ने कहा कि खिलाड़ियों की समस्याओं के समाधान और क्रिकेट गतिविधियों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। वहीं मीडिया मैनेजर सैयद मशकूर ने कहा कि एसडीसीए की गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *