रामपुर मनिहारान। रामपुर मनिहारान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर और शामली से जुड़े इस ऑनर किलिंग के मामले में एक महिला सहित तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य अभियुक्त कर्मवीर ने बताया कि उसकी भांजी आकांक्षा ने इसी साल फरवरी में अपने ही गांव के शिवकुमार के साथ लव मैरिज की थी। दोनों एक ही बिरादरी के थे और इस शादी से परिवार वाले अपनी बेइज्जती महसूस कर रहे थे। शादी के बाद से ही दोनों मुजफ्फरनगर में रह रहे थे।
बीते 9 जून को आकांक्षा की सहारनपुर के रामपुर मनिहारन क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा थी। जब इसकी भनक मायके वालों को लगी, तो वे छह लोग परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। आकांक्षा की मां विमला ने उसे वापस घर चलने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद जब आकांक्षा और शिवकुमार कार में बैठकर जाने लगे, तो समाज में हुई बदनामी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने दोनों की हत्या करने की योजना बना ली।
योजना के मुताबिक, आरोपी कर्मवीर, मंजीत और रवि मोटरसाइकिल से शिवकुमार की गाड़ी के पीछे लग गए। मौका मिलते ही आरोपियों ने गाड़ी के पास जाकर खिड़की की तरफ से शिवकुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वादी सुलेखचन्द (मृतक के पिता) की तहरीर पर रामपुर मनिहारन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशानुसार, एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने चुनहैटी फ्लाईओवर के नीचे से वांछित अभियुक्त कर्मवीर और मृतका की मां विमला को गिरफ्तार किया। वहीं, तीसरे आरोपी रवि कुमार को शिवदास पुलिया के पास से दबोचा गया। आरोपी रवि की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और नाल में फंसा खोखा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम कर्मवीर पुत्र सिरदारा (निवासीः खेड़ा हटाना, बड़ौत, बागपत), विमला पत्नी रोहताश (निवासीः खेड़ी बैरागी, बाबरी, शामली), रवि कुमार पुत्र बृहमपाल (निवासीः बनत, आदर्श मंडी, शामली) बताये है। अभियुक्तों के पास से 01 देशी तमंचा 315 बोर (आलाकत्ल), 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर एवं 01 खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुए है। इस हत्याकांड का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार, उपनिरीक्षक ललित कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल अंकित सोम, महिला कांस्टेबल नजमा और रिजर्व महिला कांस्टेबल अर्चना शामिल रहीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।