सहारनपुर। भीषण गर्मी और बढ़ते पारे के बीच डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बना तरणताल (स्विमिंग पूल) इन दिनों तैराकी के शौकीन बच्चों व बड़ो समेत खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। तपती गर्मी से राहत पाने और तैराकी के गुर सीखने के लिए रोजाना बच्चे, बड़े और खिलाड़ी यहाँ पहुँच रहे हैं। स्विमिंग सीखने के लिए बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में अभिभावक भी अपने बच्चों को यहां प्रशिक्षण दिलाने ला रहे हैं।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय की देखरेख में संचालित इस तरणताल (स्विमिंग पूल) में रोजाना तैराकी सीखने वालों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं, सुरक्षित माहौल और अलग चेंजिंग रूम जैसी व्यवस्थाओं के कारण यहाँ बच्चे और बड़े सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस तरणताल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी भविष्य की तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार कर रहे है। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए यहाँ लाइफ गार्ड (जीवन रक्षक) के रूप में बृजेश कुमार की तैनाती की गई है।
तरणताल में नियमित प्रशिक्षण ले रहे डॉ. अंशुल जैन और प्रियांशी ने बताया कि वे पूरी स्विमिंग किट के साथ यहाँ अभ्यास करने आते हैं। उन्होंने खेल विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। स्टेडियम का तरणताल हर आयु वर्ग के लिए अनुकूल है और वे स्वयं यहाँ पूरी किट के साथ सुरक्षित माहौल में अभ्यास कर रहे हैं। वहीं गौरव कुमार और सचिन कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी में तैराकी न केवल चिलचिलाती धूप से राहत देती है साथ ही फिटनेस के लिए भी बेहतरीन माध्यम है। उचित गाइडलाइंस और किट के साथ किए जा रहे इस प्रशिक्षण से उनकी खेल क्षमता में लगातार सुधार हो रहा है। गौरव कुमार अंशुल जैन सचिन कुमार, दिलीप प्रजापति, विजय शर्मा, मोन्टी समेत कई खिलाड़ी, बच्चे व बड़े भी तरणताल में तैराकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है।
भीषण गर्मी में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम का तरणताल बना आकर्षण का केंद्र