भाई-बेटे पर जानलेवा हमला करने वाले तीन शातिर वांछित दबोचे

Three wanted criminals who carried out a murderous attack on a brother and son were arrested.

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में काफी समय से फरार चल रहे तीन शातिर वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
क्राइम रिपोर्ट के अनुसार, बीती 25 मार्च 2026 को ग्राम कुरड़ीखेड़ा निवासी महेंद्र पुत्र लाल सिंह ने थाना बिहारीगढ़ में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप था कि गांव के ही कुछ दबंगों ने उसके भाई और बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की, गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की नीयत से हमला करते हुए धमकी दी।
इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 64ध्26 धारा 115(2), 352, 351(2) और 131 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस (हत्या का प्रयास) की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
घटना के बाद से ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। आज दिनांक 31 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर बिहारीगढ़ पुलिस ने ग्राम चानचक कुरड़ीखेड़ा में घेराबंदी करते हुए तीनों वांछितों को धर दबोचा।
पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं पूछताछ में तीनों ने अपने नाम अमित पुत्र पोनी उर्फ पवन (निवासीः ग्राम चानचक कुरड़ीखेड़ा, थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर), कुलदीप पुत्र प्रीतम (निवासीः ग्राम चानचक कुरड़ीखेड़ा, थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर) एवं प्रीतम पुत्र रामकुमार (निवासीः ग्राम चानचक कुरड़ीखेड़ा, थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर) रहे। बिहारीगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *