सहारनपुर। आगामी गंगास्नान मेले को सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मंयक पाठक ने क्षेत्राधिकारी नकुड़ के साथ थाना सरसावा एवं थाना नकुड़ क्षेत्रान्तर्गत आयोजित होने वाले गंगास्नान मेले के मेला स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेटिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। प्रशासन द्वारा गंगास्नान मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने मेला स्थलों का किया निरीक्षण