सहारनपुर। हसनपुर से कोरी माजरा और लक्कड़ माजरा तक प्रस्तावित नाला निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर क्षेत्र के कॉलोनीवासियों में रोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भूमि अधिग्रहण, मकानों को होने वाली क्षति तथा उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के चलते कई मकानों और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जबकि प्रभावित परिवारों को अब तक स्पष्ट जानकारी और उचित मुआवजे का आश्वासन नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि बिना सहमति और उचित मुआवजा प्रक्रिया पूरी किए कार्य कराया जाना न्यायसंगत नहीं है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की कि जब तक प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता और उचित मुआवजा सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक नाला निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर राजकुमार प्रधान, मदन सिंह, महेश पाल, नरेश कुमार, करण सिंह, राहुल, विनीता, किशन कुमार, चमन लाल, यशपाल, अर्जुन, शशि डिंगल, राजपाल सिंह, अनिल कुमार, ब्रह्मानंद मास्टर, जॉनी, राजसिंह, मैनपाल, चतरपाल आदि मौजूद रहे।
नाला निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का विरोध