भाकियू मंढार ने समस्याओं को लेकर हुंकार भरी

The BKU Mandhar issued a strong protest regarding various issues.

सहारनपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंढार ने जिलाध्यक्ष चौधरी गगन कुमार के नेतृत्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का निस्तारण न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के गेहूं क्रय केंद्रों पर समय से गेहूं उठान नहीं हो पा रहा है। वहीं केंद्रों पर लेबर और बारदाने की कमी के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इन व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। किसान नेताओं ने जनपद में यूरिया एवं डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग करते हुए कहा कि खाद संकट के कारण किसानों को खेती कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा “जल ही जीवन योजना” के अंतर्गत बनी जल टंकियों से ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित जलापूर्ति नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने गांवों में नियमित एवं सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन में आवारा पशुओं एवं कुत्तों से किसानों और आम लोगों को राहत दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी प्रमुखता से की गई। किसानों का कहना है कि आवारा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे आर्थिक हानि हो रही है। वहीं बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराए जाने तथा भुगतान पर ब्याज दिलाने की मांग भी उठाई गई। किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान जिला महासचिव सेठपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बलबीर सिंह, अनिल कुमार, विक्रम सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश कुमार, नाथीराम, जगरोशन सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *