आजाद समाज पार्टी ने डीएम को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

Azad Samaj Party Submits 10-Point Memorandum to DM

सहारनपुर। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष सचिन खुराना एवं वरिष्ठ नेता राव केसर सलीम के नेतृत्व में कोरी माजरा, लक्कड़ माजरा एवं आईटीसी रोड स्थित नाला विवाद के संबंध में जिलाधिकारी महोदय से मिले।
ज्ञात हो कि गत 5 मई को चंद्रशेखर आजाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में मौके पर पहुंचे थे तथा 7 मई को धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। इसके उपरांत प्रशासन एवं आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई थी, जिसमें सहमति बनी थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा पीड़ित परिवारों की मांगों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी तय हुआ था कि जब तक आपसी सहमति नहीं बनती, तब तक निर्माण कार्य स्थगित रखा जाएगा।
इसी क्रम में आज जिला अध्यक्ष सचिन खुराना एवं नकुड़ प्रभारी राव केसर सलीम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ता एवं पीड़ित परिवार जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी महोदय को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी महोदय ने एक सप्ताह का समय मांगा है तथा आश्वासन दिया है कि सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों, आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल एवं पीड़ित परिवारों के साथ बैठक कर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी महोदय ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक वार्ता एवं सहमति की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होती, तब तक किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवारों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा संवैधानिक एवं मानवीय आधार पर समस्या का समाधान निकाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *