सहारनपुर। चकराता रोड स्थित कंपनी बाग में इन दिनों मॉर्निंग वॉक और भ्रमण के लिए आने वाले लोगों के सामने बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग शुद्ध वातावरण और स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्धारित शुल्क देकर कंपनी बाग पहुंचते हैं, लेकिन यहां विचरण करने वाले बंदर और कुत्ते अब लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग बंदरों और कुत्तों के हमलों में घायल हो चुके हैं। कुछ घायलों की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर तक भेजना पड़ा। बताया जाता है कि भ्रमण के लिए आने वाले लोग सेवा भाव से जानवरों के लिए खाद्य सामग्री भी लाते हैं, लेकिन लगातार बढ़ रही घटनाओं से अब लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जबकि कंपनी बाग मे शुद्ध वातावरण और स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्धारित शुल्क के रूप में लाखों रुपया देने के बावजूद भी सुरक्षा पूर्ण माहौल नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी बाग प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बंदरों और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं दूसरी ओर चकराता रोड पर खनन सामग्री से भरे भारी वाहनों की तेज रफ्तार भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सुबह होते ही सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो जाता है, जिससे कंपनी बाग आने-जाने वाले लोगों को सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भ्रमण के लिए आने वाले लोगों का कहना है कि तेज गति से दौड़ रहे भारी वाहन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, लेकिन प्रशासन और पुलिस विभाग इस ओर कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से कंपनी बाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बंदरों और आवारा कुत्तों से निजात दिलाने तथा भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
कंपनी बाग में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक, मॉर्निंग वॉक पर आने वाले लोग असुरक्षित