निकुंज कामरा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Devotees danced to the hymns of Nikunj Kamra.

सहारनपुर। गोपाल नगर नुमाइश कैंप स्थित श्री करुणा बिहारी मंदिर में स्वामी मंगलानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री करुणा बिहारी सरकार का अष्टम ब्याहुला महोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान का दूल्हे के रूप में किया गया भव्य श्रृंगार और 56 भोग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संयोजक स्वामी मंगलानंद महाराज, बाबा गोपाल दास, पूज्य बाई उपासना पूरी (नंगली मंदिर), महामंडलेश्वर धिरजानंद, महामंडलेश्वर अनिल कृष्ण कौदण्ड जी और अन्य पूज्य संत-महापुरुषों ने दीप प्रज्वलित कर किया। संतों ने दूल्हा-दुल्हन के रूप में सजे श्री करुणा बिहारी सरकार और श्री राधा रानी जी की आरती उतारी और उन्हें 56 भोग अर्पित किया।
महोत्सव की मुख्य विशेषता प्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा की भक्तिमयी प्रस्तुति रही। उन्होंने मन चल वृंदावन चलिए, सावरे को लाली के हवाले करो और दुल्हन प्यारी राधा रानी दूल्हा याम सुंदर प्यारे जैसे भजनों से पंडाल में उपस्थित हजारों भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात्रि तक भक्त राधे-राधे के जयघोष के साथ भक्ति की मस्ती में झूमते-नाचते रहे।
स्वामी मंगलानंद जी महाराज ने सभी अतिथियों और भक्तों को महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि श्री करुणा बिहारी सरकार करुणा के सागर हैं। जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से उनके दर्शन और सेवा करता है, प्रभु उसके समस्त दुख-दर्द हर लेते हैं। उन्होंने सभी से नित्य प्रति दर्शन करने का आह्वान किया। महोत्सव के दौरान स्वामी जी ने कार्यक्रम में पधारे संतों, महापुरुषों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में ब्याहुला भजनों के साथ सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य आयोजन में गुलशन वधवा, निमिष काठपाल, सन्नी बजाज, महेश गांधी, शुभम, मनीष, अंकित सचदेवा, राजेश विज, सचिन छाबड़ा, योगेश अरोरा सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *