पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 300 से अधिक लोगों ने कराई जांच

Health check-up camp organised in Pilkhani Industrial Area, over 300 people got themselves examined

सहारनपुर। पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ0 लाल पैथलैब्स द्वारा एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ0 लाल पाथलैब्स द्वारा 6 मार्च से 12 मार्च 2026 तक संचालित विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 12 मार्च 2026 को पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र, सहारनपुर में एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जो कि आईआईए की सदस्य इकाइयों मैसर्सः पार्था आयुर्वेद प्रा. लि., ए-30 एवं मैसर्सः नियो कास्टा इंटरनेशनल, ए-29 के परिसर में संपन्न हुआ।
इस स्वास्थ्य शिविर में औद्योगिक क्षेत्र के आईआईए सदस्यों, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिनमें प्रमुख रूप से ब्लड शुगर जांच, सामान्य रक्त परीक्षण (ब्लड टेस्ट), थायरॉइड जांच, यूरिन जांच, ब्लड प्रेशर जांच सहित अन्य आवश्यक परीक्षण शामिल रहे। डॉ0 लाल पाथलैब्स की विशेषज्ञ टीम द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से सभी जांचें सावधानीपूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई गईं, जिससे प्रतिभागियों को त्वरित एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।
इस अवसर पर आईआईए चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा ने स्वास्थ्य जांच शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र/खाद्य विभाग कन्वीनर अनुज कुमार जैन जी, यूपीसीडाध्आयुष विभाग कन्वीनर शिवम गोयल तथा डॉ0 लाल पाथलैब्स की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत उद्यमियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रारंभिक अवस्था में संभावित बीमारियों की पहचान कर उन्हें समय पर उचित उपचार के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।
पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र/खाद्य विभाग कन्वीनर अनुज कुमार जैन ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं लाभदायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी उद्यमियों एवं कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा संतुलित आहार एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। यूपीसीडाध्आयुष विभाग कन्वीनर शिवम गोयल ने भी डॉ0 लाल पाथलैब्स द्वारा आयोजित इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। स्वास्थ्य जांच शिविर में आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के.धवन, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालड़ा, पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनूप खन्ना, जिला उद्योग बंधु कन्वीनर सुनील सैनी, रजत मित्तल, डी.के. बंसल सहित अनेक उद्यमियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। शिविर में औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों सहित लगभग 300 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई, जिससे यह शिविर अत्यंत सफल एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *