- अधिकारियों व कर्मचारियों ने गुलाल लगाकर दी शुभकामनाएं
सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा होली के पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य कर पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। होली पर्व को लेकर सुबह से ही पुलिस कर्मियों में विशेष उत्साह बना रहा। रिजर्व पुलिस लाइन के मैदान में होली मिलन कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए पर्व का आनंद लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन और पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों के बीच पहुंचकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं और अबीर-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। ऐसे त्योहार समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी को शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की। होली के रंगों में सराबोर पुलिस कर्मी पूरे उत्साह और उमंग के साथ झूमते नजर आए। इसके बाद पुलिस कर्मी वाहनों पर सवार होकर ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए जनपद के विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और लोगों के साथ होली की खुशियां साझा कीं। वहीं जनपद के विभिन्न थानों में भी पुलिस कर्मियों द्वारा होली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
सहारनपुर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनायी होली