सहारनपुर। भारतीय युवा कांग्रेस की किसान-नौजवान बचाओ यात्रा का आगाज 1 मई को सहारनपुर की धरती से होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण यात्रा की पूर्व संध्या पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा के आवास विकास स्थित आवास पर एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के विरुद्ध जमकर हुंकार भरी।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी से त्रस्त है और किसान अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों को एमएसपी (डैच्) का आश्वासन दिया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। 700 किसानों की शहादत के बाद काले कानून तो वापस हुए, लेकिन किसानों की स्थिति में सुधार नहीं आया। अब अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों की डील कर सरकार भारतीय किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा ने बताया कि 1 मई को सहारनपुर के गांधी पार्क स्थित गांधी स्मारक पर समस्त कांग्रेसजन एकत्रित होंगे। यहाँ से पदयात्रा शुरू होकर रेलवे रोड, घंटाघर, नेहरू मार्केट, शहीदगंज और मोरगंज होते हुए भगत सिंह स्मारक तक जाएगी। यह यात्रा सहारनपुर से प्रारंभ होकर मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर होते हुए मई के दूसरे सप्ताह में दिल्ली में संपन्न होगी। आईवाईसी प्रभारी रजत यादव और पीसीसी यात्रा प्रभारी अवनीश काजला ने कहा कि यह यात्रा केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके दूसरे और तीसरे चरण भी आयोजित किए जाएंगे। महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है, जिसका करारा जवाब दिया जाएगा। जनपद में इस यात्रा के सफल संचालन हेतु जिला उपाध्यक्ष सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू को संयोजक नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, राहत खलील, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, अक्षय चौधरी, सेवादल अध्यक्ष इमरान कुरेशी, अनुज शर्मा, नसीब खान, रजनीश प्रधान, कार्तिक राणा, प्रभजीत सिंह और मयंक राणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सहारनपुर से 1 मई को शुरू होगी युवा कांग्रेस की किसान-नौजवान बचाओ यात्रा, केंद्र सरकार पर साधा निशाना