देवबंद (सहारनपुर)। थाना देवबंद क्षेत्रांतर्गत गांव लालवाला में दो जमीन को लेकर हुए संघर्ष जमकर पथराव व लाठी-डंडे चले जिसमें तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। मिली जानकारी के अनुसार थाना देवबंद क्षेत्र के ग्रांम लालवाला में दो बीघा जमीन को लेकर अनुसूचित जाति व ठाकुर समाज के दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी मामले को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चल गए और पथराव होने लगा। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। संघर्ष में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना मिलते ही सीओ अभितेष सिंह व कोतवाली प्रभारी रोजंत त्यागी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया। स्थिति ज्यादा बिगड़ती देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान कई थानों की फोर्स को भी मौके पर बुलाया गया। संघर्ष में घायल हुए नीरज, सुलेंद्र कुमार, आकाश, योगेश, राजकुमार, सविता, कलावती, सिब्बो आदि को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। अनुसूचित समाज पक्ष के नीरज कुमार ने बताया कि गांव की आबादी में उनकी दो बीघा जमीन है, जिस पर दूसरा पक्ष कब्जा करना चाहता है। अनुसूचित पक्ष ने पुलिस पर भी एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। वहीं, दूसरे पक्ष के रविंद्र राणा का कहना है कि काफी समय पहले उन्होंने उक्त जमीन खरीदी थी, लेकिन दूसरे समाज के लोग इसे बेवजह अपना बताते है। जानकारी मिलने पर भीम आर्मी, आसपा व बसपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी गांव में पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी पक्ष ने अभी तक कोतवाली में तहरीर नहीं दी है। एसपी देहात मयंक पाठक ने जानकारनी देते हुए बताया कि देवबंद क्षेत्र के गांव लालवाला में एक जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। पुलिस ने मौके पर शांति कायम की है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है।
दो बीघा जमीन के लिए भिड़े दो पक्ष, पथराव और लाठीचार्ज में 8 घायल