केंद्रीय सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सहारनपुर में भव्य आयोजनों की तैयारी और विकास कार्यों की समीक्षा

Review of Preparations for Grand Events and Development Works in Saharanpur Marking the Completion of 12 Years of the Central Government

सहारनपुर। मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में तथा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की गयी।
सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए व्यापक एवं भव्य रणनीति बनाई जाए। अधिकारियों द्वारा सौंपे गये उत्तरदायित्वों को जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने के लिए कहा।
05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान, 08 से 14 जून तक विशेष जन-सम्पर्क एवं जन जागरूकता कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया संबोधन एवं संवाद, 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला, 16 से 17 जून विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18 से 19 जून प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं एवं 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों मंे रात्रि चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा।
सुनील कुमार शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखण्डों, नगर निकायों एवं नगर निगम में लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण किए जाने के निर्देश दिए। विशेष जनसम्पर्क एंव जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत सर्किट हाउस में प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद स्थापित किया जाए। जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला के तहत विकासखण्डों एवं नगर निकायों में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएं तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए एवं सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाए। विकसित भारत सकंल्प सम्मेलन के तहत तीन विकासखण्डों में प्रबुद्धजनों द्वारा सरकार की उपलब्धियों के संबंध में व्याख्यान दिए जाएं। विकास प्रदर्शनी को कम्पनी बाग में लगाया जाए। प्राकृतिक खेती के संबंध में कृषि विज्ञान केन्द्र कृषकों को आमंत्रित करते हुए प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती के संबंध में कार्यशाला आयोजित की जाए। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ0 भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य एवं वृहद कार्यक्रम आयोजित करते हुए अन्य क्रियात्मक कार्य किए जाएं। उन्होने निर्देश दिए कि अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए जनप्रतिनिधियों से वार्ता की जाए।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला पंचायत, नगर निगम, पंचायती राज विभाग सुनिश्चित करें कि सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की बेहतर साफ-सफाई हो तथा इनका रख-रखाव अच्छे से हो। सड़कों के ऊपर तारों का जाल न हो। उन्होने निर्देश दिए कि खाद समितियों पर कृषकों के लिए स्वच्छ पेयजल, छाया एवं बैठने की पर्याप्त व्यवस्था हो। कृषकों को खाद के वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सुनिश्चित किया जाए कि गौ आश्रय स्थलों में सरकार से आने वाला अनुदान संबंधित को समय से मिले। सभी प्राथमिक विद्यालयों का शत-प्रतिशत कायाकल्प सुनिश्चित करें। सभी विद्यालयों में फर्नीचर एवं स्मार्ट क्लास की बेहतर व्यवस्था हो। समूह की महिलाओं के आर्थिक उन्नयन के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास किए जाएं। सुनील कुमार शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में गोपेन्ट सहित अन्य गो उत्पादों का प्राथमिकता से प्रयोग किया जाए। जनपद की भौगोलिक स्थिति के अनुसार यहां औद्योगिक क्षेत्र के लिए अपार संभावनाएं है। इसकी राष्ट्रीय राजधानी से कनेक्टिविटी भी बेहतर है तथा अन्य प्रदेशों से भी सीमा लगती है। यहां पर औद्योगिक टाउन विकसित किए जाने हेतु टीम बनाकर कार्य किया जाए। इस संबंध मंे विशेषज्ञों से भी परामर्श लिया जाए। अन्तरविभागीय कार्यों में सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शिक्षा का अधिकारी के तहत सभी विद्यालय नियमानुसार प्रवेश देने हेतु कार्य करें। पौधारोपण अभियान के तहत पर्यावरण के साथ ही सौन्दर्य से युक्त कुसुम के वृक्ष को लगाने का भी प्रयास किया जाए।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गये निर्देशों का अक्षरश अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर डॉ0 अजय सिंह, विधायक नगर राजीव गुम्बर, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, नगर आयुक्त शिपू गिरी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, डीएफओ शुभम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *