धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव

Lord Parashurama's birth anniversary was celebrated with great pomp and grandeur.

सहारनपुर। दिल्ली-नोएडा रोड स्थित महागुण में सर्व भारतीय ब्राह्मण महासभा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज का अपार उत्साह और भारी जनसमूह देखने को मिला, जिससे पूरा सभागार भगवान परशुराम के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय व ऊर्जावान हो गया।
इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मथुरा की पावन धरा से पधारे विख्यात संत स्वदेश स्वरूप महाराज और पूर्व महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान परशुराम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा और संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी श्री अंकित शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की। संगठन के मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील शांडिल्य ने समाज के उत्थान और संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला प्रभारी नवीन तिवारी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जिला संयोजक योगेश जोशी, मनीष त्रिपाठी, अमीष पांडेय और भूपेंद्र त्यागी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ नागरिक और ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान समाज के लोगों में भारी उत्साह देखा गया और अंत में सभी ने समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *