सहारनपुर के होनहार कुणाल ने राष्ट्रीय सब-जूनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में दिखाएगा दम, इंदौर के लिए हुआ रवाना

Kunal, a promising talent from Saharanpur, is set to showcase his skills at the National Sub-Junior Kickboxing Championship; he has departed for Indore.

सहारनपुर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सब-जूनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में सहारनपुर का होनहार खिलाड़ी कुणाल अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए कुणाल इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। रवाना से पूर्व खेल जगत के पदाधिकारियों और प्रशिक्षको ने उन्हें जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी।
किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के सचिव मनोज प्रजापति ने बताया कि वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय सब जूनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 जून 2026 तक इंदौर (मध्य प्रदेश) में किया जा रहा है। कुणाल इस प्रतियोगिता में दो अलग-अलग इवेंट में प्रतिभाग करेंगे। कुणाल किक लाइट इवेंट के 28 किलोग्राम भार वर्ग और म्यूजिकल फॉर्म इवेंट में उत्तर प्रदेश की किकबॉक्सिंग टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
सहारनपुर के मानकमऊ निवासी कुणाल, पिता प्रदीप कुमार व माता पूजा रानी का होनहार पुत्र हैं। उन्होंने इसी साल मई में मेरठ में हुई उत्तर प्रदेश राज्य किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी स्वर्णिम प्रदर्शन के दम पर उनका चयन उत्तर प्रदेश की किकबॉक्सिंग टीम मे हुआ था। सचिव मनोज प्रजापति ने उम्मीद जताई कि कुणाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक जीतकर प्रदेश व सहारनपुर का मान बढ़ाएंगे। प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व कुणाल को क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा, सहारनपुर मंडल ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. संदीप गुप्ता, सहायक प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार, सचिव मनोज प्रजापति, विशाल, रमा आर्य, लखन कुमार, आकाश सैनी और रेनू सहित कई खेल प्रेमियों ने कुणाल को शुभकामनायें दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *