सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण, कालाबाजारी की रोकथाम और वांछित व शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे निरंतर अभियान के अंतर्गत थाना कुतुबशेर पुलिस और जिला आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर कालाबाजारी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में छोटे-बड़े घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निकट पर्यवेक्षण में तथा कुतुबशेर थाना के प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में अमल में लाई गई। दिनांक 16 जुलाई 2026 को चेकिंग व गश्त के दौरान पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम को मुखबिर से क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना मिली। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मोहल्ला बाजदरान में छापेमारी कर मौके से अवैध धंधे में लिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान जैद पुत्र मन्सूर, निवासी मोहल्ला बाजदरान, थाना कुतुबशेर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने अभियुक्त की निशानदेही और कब्जे से कुल 71 गैस सिलेंडर (विभिन्न कंपनियों के छोटे और बड़े) और रिफिलिंग से जुड़े अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में मौके पर की गई बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर वादिया मोहिनी मिश्रा (पूर्ति निरीक्षक, नगर निगम सहारनपुर) द्वारा दाखिल फर्द के आधार पर थाना कुतुबशेर में अभियुक्त जैद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
मौके से जब्त किए गए गैस रिफिलिंग से संबंधित सभी उपकरणों और सभी 71 गैस सिलेंडरों को कानूनी प्रक्रिया के तहत नजदीकी गैस एजेंसी श्मैसर्स गणपति गैस एजेंसी, पटेल नगर, अम्बाला रोड, सहारनपुरश् के प्रोपराइटर श्री हरी शंकर सैनी की उपस्थिति में एजेंसी के मैनेजर श्री शहजाद अहमद को सुपुर्द (सुपुर्दगी) कर दिया गया है।
अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार