सहारनपुर। सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे श्ऑपरेशन सवेरा दृ नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओरश् अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 213 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए तीनों जनपदों में ऑपरेशन सवेरा चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में थाना बेहट पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांगरो नहर पुल से गंदेवड़ की ओर जाने वाले मार्ग से तारीफ पुत्र सलीम निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 213 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना बेहट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
213 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर दबोचा, बाइक भी बरामद