सहारनपुर। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम बनाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, सहारनपुर में एकीकृत नियंत्रण कक्ष (इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम) का शुभारंभ किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नियंत्रण कक्ष कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एकीकृत नियंत्रण कक्ष से शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए 350 अत्याधुनिक आईपी आधारित नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एक ही स्थान से की जाएगी। इसके अतिरिक्त थाना स्तर पर लगाए गए 650 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों की निगरानी भी लगातार की जाएगी। नियंत्रण कक्ष में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि 24 घंटे, सातों दिन हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही डायल-112, ट्रैफिक कंट्रोल और स्थानीय पुलिस थानों के बीच समन्वय को एकीकृत किया गया है, ताकि किसी भी सूचना पर पुलिस बल न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंच सके।
अत्याधुनिक डिस्प्ले वॉल, जीपीएस ट्रैकिंग, हाई-स्पीड डेटा नेटवर्किंग और आधुनिक सर्वर सिस्टम से लैस यह नियंत्रण कक्ष संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने में सक्षम होगा। इसके अलावा त्योहारों, वीआईपी मूवमेंट और बड़े आयोजनों के दौरान यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए भी इसी कंट्रोल रूम से सीधा समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस हाईटेक एकीकृत नियंत्रण कक्ष के संचालन से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन पुलिस प्रतिक्रिया पहले से अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस का हाईटेक कदम, एकीकृत नियंत्रण कक्ष का हुआ उद्घाटन