पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश घायल, अवैध हथियार व चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार

History-sheeter and cattle smuggler injured in police encounter; arrested with an illegal weapon and a stolen motorcycle.

सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा गौकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। जबकि उसका एक साथी फायरिंग करते हुए जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में गौकशी, चोरी, नकबजनी, छिनैती सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम तथा वांछित, वारंटी एवं शातिर गौकश अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2ः17 बजे थाना प्रभारी मिर्जापुर अपनी टीम के साथ बूढ़ी जमुना नदी के किनारे चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान खनन जोन की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बदमाश पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए बूढ़ी जमुना नदी के किनारे झाड़ियों की ओर भाग गए। कुछ दूरी पर बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर झाड़ियों की आड़ में छिप गए और पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान जावेद पुत्र रईस निवासी ग्राम मोहम्मद माजरा रायपुर, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर एवं सक्रिय गौकश है। उसके विरुद्ध जनपद सहारनपुर के विभिन्न थानों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार साथी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *