विकास की नयी इबारत लिख रहा है नगर निगमः महापौर

Municipal Corporation scripting a new chapter of development: Mayor
  • वार्ड 39 में महापौर डॉ. अजय कुमार ने किया सड़कों व नाला निर्माण का शुभारंभ
    सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने आज वार्ड संख्या-39 स्थित इंदिरा कॉलोनी, कांशीराम कॉलोनी, भट्टा कॉलोनी एवं अनमोल विहार में चार सड़कों एवं एक नाले के निर्माण कार्य का पूजा अर्चना व सड़क पर गेंती चलाकर विधिवत शुभारंभ किया। इस निर्माण कार्य पर करीब 80 लाख रुपये की लागत आयेगी। नगर विधायक राजीव गुंबर व अनेक पार्षद भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
    महापौर डॉ. अजय कुमार व नगर विधायक राजीव गुंबर आज जब वार्ड 39 पहुंचे तो क्षेत्र के लोगों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। क्षेत्र के लोगों एवं महिलाओं ने भी निर्माण कार्याे के शुभारंभ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पहले पूजा अर्चना करायी और उसके बाद गेंती चलाकर निर्माण कार्याे की शुरुआत की।
    निर्माण कार्याे का शुभारंभ करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास की नयी इबारत लिख रहा है। निर्बाध एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए पम्पों की स्थापना, सड़कों का निर्माण, जल निकासी के लिए नाले-नालियों का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। इन विकास कार्याे से लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ मिल रही हैं जिससे शहर के लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठ रहा है।
    नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि सहारनपुर ने पिछले नौ वर्षाे में काफी तरक्की की है। शहर में पेयजल आपूर्ति, सड़कों की स्थिति और साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है,और विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी है। कार्यक्रम में पार्षद राजकुमार शर्मा, मनोनीत पार्षद शिवमंगल सिंह के अलावा राजेश पंडित, महिमा सिंह, अमित चौहान तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *