सहारनपुर। एल्पाइन पब्लिक स्कूल के लिए आज का दिन अत्यन्त गौरव, हर्ष और उत्साह भरा रहा। सैेट मेरीज स्कूल, चिलकाना रोड सहारनपुर मे आयोजित जिला स्तरीय इंटर-स्कूल रोप स्किपिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के 18 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक तथा 5 कांस्य पदक प्राप्त किए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 18 विद्यार्थियों ने पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
आज, 27 जुलाई 2026 को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे विद्यालय में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने इस सफलता का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस शानदार उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कठोर मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा उनकी कोच कु0 नाजिया के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य शकील अहमद ने सभी विजेता विद्यार्थियों एवं उनकी कोच कु0 नाजिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
एल्पाइन पब्लिक स्कूल सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को निरन्तर प्रोत्साहित करता रहेगा।
एल्पाइन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय इंटर-स्कूल रोप स्किपिंग प्रतियोगिता में लहराया परचम